परिवहन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, अभी डीटीसी के बेड़े में 150 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। करीब 75 नई ई-बसें और रेडी हो रही हैं। इनके रजिस्ट्रेशन और टेक्निकल इंटिग्रेशन की प्रक्रिया चल रही है। करीब 60 बसें रजिस्टर्ड हो चुकी हैं और बाकी बसें भी अगले कुछ दिनों में रजिस्टर्ड हो जाएंगी। ये बसें मुंडेला कलां के अलावा राजघाट-2 डिपो से भी चलाई जाएंगी। ऐसे में कुछ नए रूटों पर भी यात्रियों को ई-बसों में सफर करने का मौका मिलेगा।
सूत्रों ने बताया कि पहले चरण में कुल 350 इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में आनी हैं। इनमें से करीब सवा 200 बसें अगले महीने तक सड़कों पर होंगी। उम्मीद है कि अगले दो-तीन महीनों में सभी बसें आ जाएंगी। इसके अलावा हाल ही में डीटीसी ने टाटा मोटर्स को 1500 नई इलेक्ट्रिक बसें और खरीदने का ठेका भी दे दिया है। ये बसें भी इस साल के अंत से आनी शुरू हो जाएंगी। केंद्र सरकार की स्कीम के तहत ऐसी कुल 3 हजार इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में लाई जानी हैं।