वेस्ट दिल्ली के डीसीपी घनश्याम बंसल ने बताया कि इस मामले में बुधवार सुबह 6:40 बजे पुलिस को कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को 2 लोग मिले। इनमें एक गंभीर रूप से घायल थे। गंभीर रूप से घायल शख्स को संजय गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके चेहरे और छाती पर गंभीर चोट लगी थी। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। घायल होने वाले एक शख्स की पहचान हरबंश के रूप में हुई है। यह तिलक नगर के रहने वाले हैं।
पुलिस का कहना है कि हरबंश ऑटो ड्राइवर हैं। इनकी हालत ठीक है लेकिन यह अभी पूरी तरह से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। ऑटो में सवार दो अन्य घायल अपने आप ही किसी अस्पताल में चले गए थे। जहां से वह शायद अपने-अपने घर चले गए। उनकी भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मौके पर पलटा हुआ ऑटो मिला। पुलिस घायल ऑटो ड्राइवर से पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।