पांच घंटे जाम किसानों के धरने से 

• दिल्ली पुलिस के रोकने पर डीएनडी पर ही देने लगे धरना


• करीब छह किलोमीटर तक जाम में फंसे रहे वाहन



दिल्ली जाने से रोके जाने पर सैकड़ों किसान शुक्रवार शाम करीब चार बजे डीएनडी पर ही धरने पर बैठ गए। इससे नोएडा से दिल्ली जाने वाला रास्ता बंद हो गया और पुलिस ने ट्रैफिक को चिल्ला की ओर डायवर्ट कर दिया। इस कारण कुछ देर बाद ही नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले रास्तों पर जाम लग गया। डीएनडी, चिल्ला वकालिंदी कुंज रास्ते पर वाहन चालक फंसे रहे। करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रात करीब साढ़े आठ बजे किसान सड़क के एक तरफ जाकर बैठ गए। इसके बाद रात नौ बजे के करीब यातायात सामान्य हो सका।


आलू बेचने पर किसानों को कम मुनाफा मिलना, बिजली के रेट कम नहीं होने, जमीन अधिग्रहण की जांच, बजट में किसानों को साल में सिर्फ 6 हजार रुपये देने समेत कई मांगें पूरी नहीं होने से किसान नाराज थे।मांगें पूरी नहीं होने से नाराज किसान मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में 50 से अधिक ट्रैक्टर- ट्रालियों में सवार होकर ग्रेनो से दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास व जंतर-मंतर के लिए निकले। शाम करीब चार बजे डीएनडी पहुंचने पर दिल्ली पुलिस ने किसानों को रोक दिया और आगे नहीं भेजने का निर्णय लिया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने टोल प्लाजा के पास ही बेरिकेडिंग भी कर रखी थी।


पुलिस के रोके जाने से नाराज किसान डीएनडी पर ही धरने पर बैठ गए। दिल्ली जाने का रास्ता बंद हो जाने पर पुलिस ने ट्रैफिक को चिल्ला की ओर डायवर्ट कर दिया। इससे वाहन मयूर विहार लिंक से डीएनडी होते हुए दिल्ली जाने लगे। डीएनडी का रास्ता बंद होने पर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस वे पर सेक्टर128 तक करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पांच बजे के बाद दिक्कतें और बढ़ गई। डीएनडी रास्ता बंद होने से कालिंदी कुंज व चिल्ला रास्ते पर भी जाम लग गया।


लूप पर उतरने की जगह नहीं मिली : दिल्ली से आते समय डीएनडी और कालिंदी कुंज लूप से फिल्म सिटी रास्ते पर उतरने वाले रास्ते पर उतरने के लिए वाहनों को जगह नहीं मिली। इस वजह से दिल्ली से नोएडा आने वाले रास्ते पर भी जाम लग गया।


एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने
close