गृह मंत्रालय
श्री राजनाथ सिंह ने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों को सैनिक
टुकडि़यों की आवाजाही के दौरान ड्रिल बढ़ाने को कहा
केंद्रीय गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी आर पी एफ) के काफिले पर कल के जघन्य आतंकवादी हमले के मद्देनजर आज जम्मू कश्मीर के वास्तविक हालात का जायजा लेने के लिए श्रीनगर का दौरा किया। इस हमले में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी शहीद हुए हैं।
उन्होंने श्रीनगर में सी आर पी एफ के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र में शहीद जवानों के ताबूत पर पुष्प अर्पित किए। श्री राजनाथ सिंह के साथ जम्मू कश्मीर के राज्यपाल श्री सत्यपाल मलिक, केन्द्रीय गृह सचिव श्री राजीव गाबा, सीआरपीएफ के महानिदेशक राजीव राय भटनागर और सीआरपीएफ तथा जम्मू कश्मीर पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे। बहादुर जवानों द्वारा किए गए सर्वोच्च बलिदान की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। बाद में श्री राजनाथ सिंह ने शहीद जवान के ताबूत को कंधा भी दिया और उसके बाद पार्थिव शरीरों को उनके परिजनों के सुपुर्द करने के लिए ले वहां से ले जाया गया।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने आर्मी बेस अस्पताल का भी दौरा किया और वहां भर्ती पांच घायल जवानों का हालचाल पूछा तथा उनकी सेहत में सुधार को देखते हुए इस पर संतोष व्यक्त किया। बाद में केन्द्रीय गृह मंत्री ने एक उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के सुरक्षा हालात का जायजा लिया। इस बैठक में जम्मू कश्मीर के राज्यपाल, वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले का ब्यौरा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जघन्य हमले को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। श्री राजनाथ सिंह ने उन्हें निर्देश दिया कि आईईडी की पहचान करने की क्षमताओं में वृद्धि करने के लिए हर संभव उपाय करें तथा सैनिकों की आवाहाजी के दौरान नागरिक यातायात को रोकने के लिए अतिरिक्त उपाय किए जाएं।
नई दिल्ली रवाना होने से पहले श्री राजनाथ सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूरा राष्ट्र सर्वोच्च बलिदान देने वाले जांबाज जवानों को सेल्यूट करता है। उन्होंने कहा कि सभी राज्य सरकारों सें शहीदों के परिवारों की हर संभव सहायता करने को कहा गया है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि देश एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक युद्ध लड़ रहा है और निश्चित रूप से उसकी जीत होगी। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत के साथ है और सुरक्षा बलों का मनोबल बहुत ऊंचा है। उन्होंने दोहराया कि केवल मुट्ठी भर गुमराह नौजवानों ने सीमापार बैठे लोगों से आतंकवाद फैलाने के नापाक मंसूबे के लिए हाथ मिलाया है।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसे तत्व जम्मू कश्मीर की जनता के दुश्मन हैं। उन्होंने पाकिस्तान की आईएसआई से पैसा लेने वालों की निजी सुरक्षा की समीक्षा करने का आह्वान किया। केंद्रीय गृहमंत्री ने जनता से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।