30 जनवरी तक शुरू होगा मयूर विहार फ्लाईओवर 

राहत : लोक निर्माण मंत्री ने जानकारी दी,
इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था


नई दिल्ली, संवाददाता, नोएडा लिंक रोड पर बन रहा मयूर विहार फ्लाईओवर 30 जनवरी तक जनता के लिए खोल दिया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को यह जानकारी दी। आपके अपने ‘हिन्दुस्तान' ने इस फ्लाईओवर के कारण जनता को होने वाली परेशानियों को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि फिलहाल फ्लाईओवर पर ट्रायल रन चल रहा है। विभाग की ओर से नोट तैयार कर दिल्ली सचिवालय में पीडब्ल्यूडी सेक्रेटरी को भेज दिया गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से समय लेकर फ्लाईओवर का उद्घाटन किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि अभी नोएडा से दिल्ली आने वाली सड़क पर मयूर विहार फेज-1 की क्रॉसिंग के आस-पास लोगों को सुबह- शाम भारी जाम से जूझना पड़ रहा है, क्योंकि फ्लाईओवर के काम की वजह से रोड के एक बड़े हिस्से पर ट्रैफिक डाइवर्जन किया गया है। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी तक इस क्रासिंग पर लगभग 800 मीटर लंबे फ्लाईओवर को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। अभी नोएडा लिंक रोड पर अक्षरधाम रेलवे क्रॉसिंग, एनएच-24 और समाचार अपार्टमेंट के सामने फ्लाईओवर बने हैं। वहीं, मयूर विहार फेज-1 पर केवल नोएडा की तरफ जाने वाले रूट पर सिंगल कैरिज वे फ्लाईओवर है। अब दिल्ली सरकार ने बारापूला फेज-3 के तहत दूसरी तरफ यानी नोएडा से दिल्ली रूट पर भी फ्लाईओवर बना दिया है।


 30 जनवरी तक शुरू होगा मयूर विहार फ्लाईओवर 


तेजी से चलता फ्लवाईओवर का काम मयूर विहार फेज एक के पास गुरुवार को दिल्ली-यूपी लिंक रोड पर


ईंधन की बर्बादी हो रही -


मयूर विहार फेज-1 क्रासिंग पर बन रहे फ्लाईओवर के चलते यहां रोजाना लगभग 5.30 लाख रुपये का ईंधन बर्बाद हो रहा है। सुबह और शाम को लगने वाले जाम के अलावा पूरे दिन यहां से गुजरने वाले वाहनों को औसतन 15 मिनट के ठहराव के साथ ही गुजरना पड़ता है। ऐसे में बड़ी संख्या में धन, ईंधन और समय की बर्बादी हो रहीइस रूट पर रोजाना औसतन एक तरफ से 70 हजार वाहन गुजरते हैं। वहीं, सुबह और शाम के समय वाहनों की संख्या अधिक होती है।


निर्माण कार्य की डेड लाइन मिस हो चुकी है -


फ्लाईओवर का निर्माण कार्य मई 2015 में शुरू हुआ था। इसे सितंबर 2017 तक पूरा होना था, लेकिन कभी भूमि अधिग्रहण तो कभी ट्रैफिक पुलिस की आनाकानियों के चलते फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लगातार लटकता रहा। इसके बाद फ्लाईओवर को पूरा करने की दूसरी डेडलाइन फरवरी 2018 तय की गई, फिर तीसरी डेडलाइन अप्रैल 2018 और चौथी डेडलाइन दिसंबर 2018 रखी गई थी। वहीं, वर्ष 2019 में जनवरी भी आधा गुजर चुका है। हालांकि, अब मंत्री सत्येंद्र जैन का कहना है कि फ्लाईओवर को 30 जनवरी तक खोल दिया जाएगा। इसके बाद जाम से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।


एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने
close